जिला महिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड के लिए परेशान रहीं महिलाएं

😊 Please Share This News 😊
|
जिला महिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड के लिए परेशान रहीं महिलाएं।
गोरखपुर, समाचार पत्रिका।
शासन की ओर से डाक्टरों की तैनाती में किए गए बड़े बदलाव की वजह से शनिवार को जिला और महिला अस्पताल में काफी अफरा-तफरी का माहौल रहा। आलम यह कि ओपीडी में मरीज देखने के दौरान डाक्टरों ने कई बार एसआईसी कार्यालय की ओर रुख किया। महिला अस्पताल में तो एक साथ में दो रेडियोलॉजिस्टों के स्थानांतरण से गर्भवती महिलाएं अल्ट्रासाउंड के लिए काफी परेशान हुई। यहां हर रोज जो करीब डेढ़ से दो सौ अल्ट्रासाउंड होते रहे। रेडियोलॉजिस्टों की कमी से शनिवार को महज 53 अल्ट्रासाउंड ही हो सके। कई गर्भवतियां तो मायूस ही लौट गई।
मंडल स्तरीय जिला महिला अस्पताल में हर रोज पांच से छह सौ गर्भवतियां व प्रसूताएं इलाज के लिए आती हैं। मरीजों की सुविधाओं का ख्याल रखते हुए यहां कुल चार अल्ट्रासाउंड मशीनें स्थापित कर रखी गई हैं। शुक्रवार को रेडियोलॉजिस्ट डॉ. एमबी तिवारी और डॉ. एके झां का गैर जनपद स्थानांतरण हो गया। शनिवार को पुरानी बिल्डिंग की दोनों अल्ट्रासाउंड मशीनें ठप हो गई। एमसीएच विंग में भी दो मशीनें हैं, लेकिन एक केंद्र की महिला डॉक्टर अवकाश पर चल रही हैं। सुबह 8 बजे से ही सिर्फ एक मशीन के सहारे सौ से अधिक गर्भवतियां अपनी बारी का इंतजार करती नजर आई। कुछ तो परेशान होकर अपने घरों को लौट गई।
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें |